पीएम के खिलाफ ‘गो बैक’ के नारे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित सैकड़ों कार्यकर्ता हिरासत में

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे के बीच आज महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ता पीएम को ज्ञापन सौंपने जा रही थीं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें कारगी आईएसबीटी रोड स्थित मध्य ब्राह्मणवाला चौक पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया।

इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई और झड़प जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने “प्रधानमंत्री गो बैक” के जोरदार नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।

हिरासत के बाद जारी बयान में ज्योति रौतेला ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा, “अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला। सीबीआई जांच में हो रही देरी ने जनता का आक्रोश और बढ़ा दिया है।”

रौतेला ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन सरकार ठोस कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने निजी विद्यालयों द्वारा मनमानी फीस वृद्धि और शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण पर भी चिंता जताई, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन और भ्रष्टाचार चरम पर है, जबकि युवा बेरोजगारी के चलते निराश हैं और पलायन को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने एलपीजी गैस की कमी पर भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे आम जनता के साथ-साथ होटल एवं पर्यटन व्यवसाय भी गंभीर संकट में हैं। “आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए यह स्थिति और भी चिंताजनक है,” उन्होंने कहा।

उन्होंने ग्रामीण एवं पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों के बढ़ते हमलों का भी मुद्दा उठाया, जिससे लोग अपने ही घरों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

ज्योति रौतेला ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन मुद्दों पर सरकार ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो महिला कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र और व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

हिरासत और विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महासचिव शोभा बडोनी, रुचि रौतेला, बबीता, मधु उनियाल, स्वीकृति, पार्षद लख्खी बाग आयुष गुप्ता, पूर्व पार्षद बंजारावाला ललित भद्री, पूर्व प्रदेश सचिव फारूक, धर्मपुर विधानसभा उपाध्यक्ष गौरव रावत, अभिषेक डोबरियाल, शशांक जोशी, अरुण टम्टा, सोनू तिवारी, अनुज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments