देहरादून। दून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े अवैध कैसिनो का भंडाफोड़ हुआ है, जो सलियावाला के जंगल के बीच बने एक मकान में गुप्त रूप से संचालित किया जा रहा था। इस ऑपरेशन में पुलिस ने मकान मालिक सहित कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य अभियुक्त की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और एसटीएफ को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर श्रीमती रीना राठौर के नेतृत्व में एक संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने 2-3 अगस्त की रात सलियावाला स्थित मकान में दबिश दी, जहाँ एक बड़े कमरे में कैसिनो संचालित होता पाया गया। मौके पर मौजूद लोग हार-जीत की बाजी लगाकर कैसिनो कॉइन्स के माध्यम से जुआ खेल रहे थे।
पुलिस ने मौके से 12 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 1900 कैसिनो कॉइन्स, ₹89,700/- नगद, 12 मोबाइल फोन, दो ताश की गड्डियाँ और एक वाहन (Venue कार) बरामद किया गया। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के बैंक खातों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

पूछताछ में दिल्ली से आये अभियुक्तों ने बताया कि वे पहली बार देहरादून आये थे और उन्हें कैसिनो में जुआ खेलने का शौक है। वे विभिन्न राज्यों में घूमकर इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल होते हैं। देहरादून निवासी शशांक गुप्ता (मकान मालिक), उमेश रावत और विक्रम शाह से संपर्क कर उन्होंने इस बार देहरादून में जुए की योजना बनाई थी। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि वे अधिक नगदी अपने पास नहीं रखते, बल्कि एक व्यक्ति के भरोसे ही लेन-देन की जिम्मेदारी तय होती है। मकान मालिक ने स्वीकार किया कि दिल्ली से आये अभियुक्त उनके मित्र हैं और उन्हें पहली बार देहरादून बुलाया गया था।
पुलिस दबिश के दौरान एक अभियुक्त विक्रम शाह मौके से फरार पाया गया। उसके विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों में दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और नेपाल के निवासी शामिल हैं, जिनमें शशांक गुप्ता (गुड़गांव), निखिल (दिल्ली), गौरव मग्गो (दिल्ली), हिमांशु अरोड़ा (दिल्ली), उमेश रावत (देहरादून), चन्द्रशेखर (विकासनगर), जतिन राणा (त्यूणी), मनोहर सिंह चौहान (त्यूणी), चरण सिंह चौहान (चकराता), विनोद (पुरोला), जीवन शर्मा (देहरादून) और केशव उर्फ बबलू सिंह धामी (नेपाल) शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रेमनगर की टीम—क्षेत्राधिकारी श्रीमती रीना राठौर, थानाध्यक्ष कुन्दन राम, चौकी प्रभारी अमित शर्मा व प्रवीण सैनी सहित अन्य पुलिसकर्मी—और एसटीएफ की टीम—निरीक्षक विपिन बहुगुणा, यादवेंद्र बजवा, एएसआई योगेंद्र चौहान व संजय मल्होत्रा तथा अन्य जवान—ने सराहनीय भूमिका निभाई।

Recent Comments