कंट्रोल रूम 1077 पर शिकायतें दर्ज करें नागरिक
देहरादून । जनपद में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी सविन बसंल ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयल कंपनियों के पदाधिकारियों व गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में घरेलू व व्यावसायिक गैस आपूर्ति की समीक्षा कर सख्त निर्देश जारी किए, जिसमें अवैध संग्रहण व कालाबाजारी पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 व बीएनएस के तहत जेल की कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश प्रमुख रहे।
जिलाधिकारी ने गैस संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आपदा कंट्रोल रूम में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। नागरिक 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 या व्हाट्सएप 7534826066 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। एडीएम के निर्देशन में डीएसओ व तेल कंपनियों के प्रतिनिधि रोज सुबह एक घंटा बैठकर प्रिंट व सोशल मीडिया इनपुट्स का निस्तारण करेंगे।
एक बार बुकिंग के बाद 25 दिन तक दूसरी बुकिंग नहीं हो सकेगी। कंपनियों को बल्क एसएमएस व एजेंसी फ्लेक्सी के जरिए उपभोक्ताओं को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। उच्च स्तर की घबराहट के कारण हो रही बुकिंग और ग्राहकों की अधिक संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि अब ग्राहक अपना सिलेंडर मैन्युअली भी बुक कर सकते हैं। बुकिंग डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर या डिलीवरीमैन ऐप (जिसका उपयोग डिलीवरीमैन करते हैं) के माध्यम से की जा सकती है।
डिलीवरी भी अब मैन्युअली DAC (OTP) के माध्यम से की जा सकेगी। ऑनलाइन सिस्टम भी समानांतर रूप से कार्य करता रहेगा। 2 दिनों से अधिक समय से लंबित ऑनलाइन बुकिंग को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी डिस्ट्रीब्यूटरशिप को निर्देशित किया गया है और OTP इंटरलॉक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

उपजिलाधिकारियों को सीओ व पूर्ति निरीक्षक संग गैस एजेंसियों पर रैंडम छापे मारने के निर्देश हैं। अवैध संग्रहण, रिफिलिंग, बिचौलियों की संलिप्तता या व्यावसायिक उपयोग पर एजेंसी सील व जब्ती के साथ कठोर एक्शन होगा। जिले की 72 गैस एजेंसियों के 72 गोदाम प्रशासन के रडार पर हैं, तथा होटल-व्यवसायिक संस्थानों के साथ बैठक कर घरेलू गैस दुरुपयोग रोका जाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए डोईवाला में 2 तथा विकास नगर में 12 घरेलू सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग किए जाने पर जब्त किए गए ।
घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि व्यावसायिक वितरण में चिकित्सालय व छात्रावास शीर्ष पर। गैस भगवानपुर (एचपीसीएल), लंढौरा (बीपीसीएल) व बादराबाद-लोनी गाजियाबाद (आईओसी) से आ रही है।जनपद में 72 एजेंसियां 7.81 लाख घरेलू व 19,624 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सेवाएं दे रही हैं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रेमेंद्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उपजिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, तेल कंपनियों के प्रतिनिधि व गैस एजेंसी एसोसिएशन अध्यक्ष चमनलाल उपस्थित रहे। डीएम ने जनता से अफवाहों पर पैनिक न करने व कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करने की अपील की।


Recent Comments