नर्सिंग भर्ती आंदोलन के बीच बड़ा घटनाक्रम, स्वास्थ्य मंत्री आवास के बाहर चार महिलाओं ने कथित रूप से फिनायल पीया

देहरादून। उत्तराखंड में वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच मंगलवार को राजधानी देहरादून में एक गंभीर घटनाक्रम सामने आया। स्वास्थ्य मंत्री के यमुना कॉलोनी स्थित सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान चार महिला प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से फिनायल पी लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और चारों महिलाओं को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चार महिलाओं में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग स्टाफ पिछले कई महीनों से आंदोलनरत है। इसी क्रम में मंगलवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर अपनी मांगों को लेकर एकत्र हुए थे। प्रदर्शन के दौरान अचानक चार महिलाओं द्वारा यह कदम उठाए जाने से आंदोलन स्थल पर हड़कंप मच गया।

नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि घटना में शामिल महिलाओं की आधिकारिक पहचान की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार एक महिला की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने यह भी बताया कि संगठन के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।

घटना के बाद अस्पताल परिसर और प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। महिलाओं ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments