भारत टैरिफ विवाद के बीच व्यापार समझौते के लिए अमेरिका से कर रहा बातचीत: गोयल

नईदिल्ली ,02 सितंबर (आरएनएस)। अमेरिका के भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है और दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता भी अटकने की खबरें आने लगी है। इस बीच केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को स्पष्ट कर दिया भारत द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है। यह बयान टैरिफ विवाद के बीच काफी मायने रखता है।
गोयल ने दिल्ली में स्थिरता पर उद्योग चैंबर के एक कार्यक्रम में कहा, हम बीटीए के लिए अमेरिका के साथ बातचीत कर रहे हैं। हम अन्य देशों के साथ भी व्यापार वार्ता कर रहे हैं। इनमें ओमान, यूरोपीय संघ, चिली, पेरू, न्यूजीलैंड आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा, कई अन्य देश भारत के साथ संबंध बनाना चाहते हैं। दुनिया आज भारत की ताकत और उसके जनसांख्यिकीय लाभों को पहचानती है। यही कारण है कि वह हमसे जुड़ना चाहती है।
गोयल ने कहा, 140 करोड़ की आबादी बहुत बड़ी मांग और एक विशाल घरेलू बाजार बनाती है। अगर ऐसा नहीं होता, तो आप ही सोचिए कि हर कोई भारत के साथ व्यापार करने या यहां के बाजार तक बेहतर पहुंच बनाने के लिए इतना उत्सुक क्यों होता। उन्होंने उम्मीद जताई कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का निर्यात पिछले वर्ष के आंकड़ों से अधिक होगा। इसके अब 100 करोड़ डॉलर (लगभग 8,800 करोड़ रुपये) पहुंचने की उम्मीद है।
गोयल ने अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ पर कहा, भारत संकट में अवसर तलाशता है। देश का मनोबल ऊंचा है और भारतीय अर्थव्यवस्था में काफी मजबूती है। भारत किसी भी तरह के संकट में विजेता बनकर उभरेगा। सरकारी खरीद पर भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते और स्कॉच व्हिस्की पर शुल्क कटौती के संबंध में उन्होंने कहा, कोई चिंता नहीं है और भारतीय कंपनियों को भी ब्रिटेन की खरीद प्रणाली में पहुंच मिल रही है।
भारत और अमेरिका मार्च से व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। अब तक 5 दौर की वार्ता पूरी हो चुकी है। 27 अगस्त से 50 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने के बाद अमेरिकी टीम ने अगले दौर की वार्ता के लिए भारत की अपनी यात्रा स्थगित कर दी है, जो 25 अगस्त से होने वाली थी। अभी तक छठे दौर की वार्ता के लिए कोई नई तारीख तय नहीं की गई है। तारीख निर्धारित होने पर वार्ता आगे बढ़ेगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments