उत्तराखंड में जयंत चौधरी की बड़ी हुंकार, 2 मई को हरजौली से शुरू होगा RLD का ‘मिशन 2027’

2027 के रण के लिए जयंत चौधरी ने कसी कमर, हरिद्वार के नारसन में करेंगे पहली मेगा रैली

देहरादून (ब्यूरो)। उत्तराखंड की सियासत में अपनी जमीन तलाश रही राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने अब बड़े स्तर पर पैठ बनाने की तैयारी कर ली है। मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी आगामी 2 मई को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे।
वे हरिद्वार जिले के गुरुकुल नारसन स्थित हरजौली गांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उत्तराखंड में पार्टी की कमान संभालने के बाद यह जयंत चौधरी का पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम होने जा रहा है।

देहरादून के उज्जवल रेस्टोरेंट में बुधवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान रालोद के खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी चौधरी नीरपाल सिंह ने इस कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। नीरपाल सिंह ने कहा कि जयंत चौधरी के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और यह रैली राज्य की राजनीति में रालोद की सक्रियता का नया अध्याय लिखेगी।

जयंत चौधरी वर्तमान में केंद्र सरकार में कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) के साथ-साथ शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। सूत्रों की मानें तो उनकी इस रैली का मुख्य उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सटे उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में ‘जाट और किसान’ वोट बैंक को लामबंद करना है।

पार्टी ने 2 मई की इस जनसभा को सफल बनाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। नीरपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे गांव-गांव जाकर जनसंपर्क करें और नुक्कड़ सभाओं के जरिए जयंत चौधरी के विजन को जनता तक पहुंचाएं।

रालोद प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र पंत ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि पार्टी का मुख्य लक्ष्य 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव हैं। उन्होंने दावा किया कि जयंत चौधरी का यह दौरा संगठन में नई जान फूंक देगा और आने वाले चुनावों में पार्टी एक निर्णायक भूमिका में नजर आएगी।

इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (एकताशक्ति) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त शर्मा ने भी अपना समर्थन जताया। प्रेस वार्ता में खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रुपिन चौधरी, संजय इतोरिया और जितेंद्र बालियान सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments