किच्छा। उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को साकार करने की दिशा में कुमाऊं पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओटीएफ कुमाऊं रेंज और किच्छा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 122.25 ग्राम स्मैक बरामद की है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पहले भी स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रेंज रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को एसओटीएफ और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुद्वारे वाली गली लालपुर में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक व्यक्ति को रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से 122.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संतोक सिंह (42) पुत्र संता सिंह निवासी गुरुद्वारे वाली गली लालपुर, थाना किच्छा बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी संतोक सिंह इससे पहले सितंबर 2025 में भी 152.39 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार हो चुका है और उसके खिलाफ थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज है। जेल से रिहा होने के बाद उसने फिर से स्मैक बेचने का अवैध धंधा शुरू कर दिया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रेंज रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि कुमाऊं परिक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस और एसओटीएफ की संयुक्त टीमें लगातार सघन अभियान चला रही हैं। जो भी इस धंधे में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुमाऊं पुलिस युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस संयुक्त अभियान में एसओटीएफ कुमाऊं रेंज की टीम के साथ कोतवाली किच्छा से उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, हैडकांस्टेबल दीपक सिंह चौहान और कांस्टेबल मदन नाथ शामिल रहे।

Recent Comments