
लखनऊ 23 मार्च (आरएनएस )। राजधानी के काकोरी थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। प्रेम प्रसंग के चलते हुई इस निर्मम हत्या के पीछे पति-पत्नी की साजिश सामने आई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी महेन्द्र कुमार और उसकी पत्नी अंकिता उर्फ दीपिका को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ कि अवैध संबंधों के शक में पति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर दो लोगों की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम भी दे दिया।21 मार्च 2025 की रात काकोरी के बरकताबाद गांव में दो युवकों की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना इलाके में सनसनी बन गई और पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल फैल गया। मृतकों की पहचान मनोज लोधी और रोहित लोधी के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और अपराध शाखा, सर्विलांस टीम व स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में महेन्द्र कुमार और उसकी पत्नी अंकिता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सभी को चौंका दिया।हत्या की इस पूरी साजिश की जड़ें दिसंबर 2024 से जुड़ी थीं। महेन्द्र कुमार को संदेह हुआ कि उसकी पत्नी अंकिता का किसी और के साथ संबंध है। जब उसने इस बारे में पत्नी से सवाल किया, तो उसे पता चला कि वह मनोज से प्रेम करती थी। हालांकि, पत्नी ने यह भरोसा दिलाया कि अब वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है, लेकिन इस घटना ने महेन्द्र के मन में बदले की भावना जगा दी। उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर मनोज को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।21 मार्च की रात, महेन्द्र ने अपनी पत्नी से कहा कि वह मनोज को फोन करे और बरकताबाद पुलिया पर मिलने बुलाए। मनोज को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसके लिए मौत का जाल बिछाया जा चुका है। जब वह वहां पहुंचा, तो उसके साथ उसका दोस्त रोहित भी था। पहले से घात लगाए महेन्द्र और उसके साथियों ने झाडिय़ों से निकलकर दोनों को पकड़ लिया और पहले रोहित को मौत के घाट उतारा, फिर मनोज का गला रेतकर हत्या कर दी।इस जघन्य हत्या की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान टेक्निकल और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों के करीब पहुंची और कठिंगरा अंडरपास के पास से महेन्द्र और अंकिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और दोनों के मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए।यह मामला न केवल एक जघन्य अपराध की कहानी बयां करता है, बल्कि समाज में बढ़ते अविश्वास और रिश्तों में शक की भयावह परिणति को भी उजागर करता है। पुलिस अब इस हत्याकांड में और कौन-कौन शामिल था, इसकी भी जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग इस निर्मम अपराध की कठोरतम सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Recent Comments