मुज़फ्फरनगर/देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने मंगलवार को मुज़फ्फरनगर स्थित रामपुर तिराहा पहुंचकर राज्य आंदोलन के वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। माहरा ने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान हुए बलिदान उत्तराखंड की अस्मिता की नींव हैं और इन शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर करन माहरा ने आंदोलन के दौरान उत्तराखंड के सैकड़ों आंदोलनकारियों की सहायता करने वाले समाजसेवी पंडित महावीर शर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि पंडित शर्मा जैसे महान व्यक्तित्वों की निस्वार्थ सेवा और समर्पण राज्य निर्माण की असली प्रेरणा रहे हैं।
माहरा ने कार्यक्रम के दौरान पंडित महावीर शर्मा के पुत्र और पौत्र से भेंट करते हुए उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि रामपुर तिराहा की पीड़ा हर उत्तराखंडी के हृदय में आज भी जिंदा है और यह स्थल हमारे संघर्ष और बलिदान का प्रतीक रहेगा।

इस अवसर पर एआईसीसी सदस्य ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल सहित कांग्रेस के विधायक, जिला एवं महानगर अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। माहरा ने सभी उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य आंदोलन की भावना को सदैव जीवित रखेगी।

Recent Comments