‘टूल किट में कैंची, साइकिल के स्पोक्स तिरछे’ बोले- अब सड़क पर उतरेंगे
देहरादून: प्रदेश में श्रमिकों के हितों को लेकर श्रम कांग्रेस ने गुरुवार को हल्ला बोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजपुर रोड स्थित श्रम विभाग के डिप्टी कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की और श्रमिकों से जुड़े कई मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। आरोपों का पिटारा खोलते हुए कांग्रेसियों ने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि मजदूरों के साथ हर स्तर पर धोखा हो रहा है।
कांग्रेस भवन में सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से निकले जुलूस ने राजपुर रोड पर श्रम विभाग के कार्यालय तक पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों के हक की बात करते हुए नारे लगाए और प्रशासन को खासा पसीना बहाने पर मजबूर कर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सिंह कौशल ने श्रम विभाग के डिप्टी आयुक्त विपिन कुमार को ज्ञापन सौंपने से पहले मौजूद भीड़ को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से श्रमिकों को दी जाने वाली साइकिल और टूल किट घटिया क्वालिटी की हैं। कौशल ने कहा, “साइकिल के स्पोक्स तिरछे हैं और टूल किट में कैंची तक सही नहीं है। यह कोई मदद नहीं, बल्कि श्रमिकों का मजाक है। इसमें बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है। हम इसकी निष्पक्ष जांच चाहते हैं।”
दिनेश सिंह कौशल ने श्रमिकों के रजिस्ट्रेशन में हो रही लापरवाही को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हजारों मजदूर हैं, जिनका रजिस्ट्रेशन सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। इसके चलते वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या न्यूनतम वेतन को लेकर बताते हुए उन्होंने कहा, “मजदूर 12 घंटे पसीना बहा रहा है, लेकिन उसे 8 घंटे की भी पूरी मजदूरी नहीं मिल रही। असंगठित क्षेत्र के ये मजदूर ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।”
श्रम कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और टूल किट-साइकिल घोटाले की जांच नहीं हुई, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष किशोर उनियाल, मुख्य महासचिव पूनम कंडारी, पंडित कांति वल्लभ भट्ट, चंद्रपाल, विनोद कुमार और हरेंद्र बेदी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर श्रमिक हितों के लिए लड़ने का संकल्प लिया।
यहां देखें ज्ञापन


Recent Comments