

देहरादून। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री वरिष्ठ श्रमिक नेता हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर कांग्रेस भवन में शनिवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इंटक, सीटू, एटक सहित विभिन्न मजदूर संगठनों और कांग्रेसजनों ने स्वर्गीय बिष्ट को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में उपस्थित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों और मजदूर नेताओं ने स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट ने अपने लंबे सार्वजनिक एवं श्रमिक जीवन में मजदूरों के अधिकारों, हितों और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने श्रमिकों को संगठित करने तथा उनके अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका निधन श्रमिक आंदोलन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
श्रमिक नेताओं ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट के संघर्ष, सादगी और मजदूर हितों के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे।
इस अवसर पर इंटक, सीटू, एटक तथा अन्य मजदूर संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोक सभा में ए.पी. अमोली, बीरेंदर नेगी, अनिल कुमार, पंकज क्षेत्री, प्रभु लाल बहुगुणा, सतेंद्र पंवार, प्रदीप जोशी, करनवीर सिंह नेगी, हेमा पुरोहित, राजेंद्र नेगी, विजय सिंह बिष्ट, अनूप बिष्ट, दिया भट्ट, सोम सिंह रावत एवं संजय टम्टा सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Recent Comments