
देहरादून। देहरादून के राजपुर क्षेत्र स्थित एक बड़े साड़ी शोरूम में हुई लाखों रुपये की चोरी का दून पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को Delhi से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये मूल्य की पांच महंगी सिल्क की साड़ियां, चोरी की गई 2 लाख रुपये की नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत राजपुर थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को जाखन निवासी मोइनुद्दीन खान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके साड़ी शोरूम से अज्ञात चोर महंगी सिल्क की साड़ियां और नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर राजपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार की गई सुरागरसी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस ने 1 जुलाई को दिल्ली से महिला आरोपी बीना को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपनी बहन और परिचित के साथ घूमने के लिए देहरादून आई थी। राजपुर क्षेत्र में घूमने के दौरान उसने एक बड़े साड़ी शोरूम की रेकी की और रात में अपने साथी रामकुमार के साथ ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
महिला आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके सहयोगी रामकुमार को भी दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। उसकी स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी में चोरी की गई पांच महंगी सिल्क की साड़ियां और 2 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 60 वर्षीय बीना निवासी मंगोलपुरी, नई दिल्ली तथा 48 वर्षीय रामकुमार निवासी अवंतिका, रोहिणी, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
पूरे अभियान का नेतृत्व राजपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पी.डी. भट्ट ने किया। कार्रवाई में जाखन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज कंडारी, महिला उपनिरीक्षक सीमा चौहान, कांस्टेबल अमित, कांस्टेबल मोहित तथा महिला कांस्टेबल ऋषिका शामिल रहीं।

Recent Comments