देवभूमि में अराजकता की शिकायत
उत्तराखंड। भाजपा सरकार के शासनकाल में प्रदेश कथित तौर पर भय, अराजकता और असुरक्षा की गिरफ्त में आ चुका है। यह आरोप पूर्व उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं CWC सदस्य करन माहरा ने एक बयान जारी कर लगाया है। उन्होंने प्रदेश में हुई कई घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा के राज में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।
माहरा ने हल्द्वानी में एक भाजपा पार्षद द्वारा नौजवान की गोली मारकर हत्या, ऊधमसिंह नगर में एक किसान को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने और पंचायत चुनावों के दौरान सरेआम हथियारों के प्रदर्शन जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये सभी घटनाएँ स्थिति की गंभीरता को दर्शाती हैं।
उन्होंने ताजा मामले का भी जिक्र किया, जिसमें किच्छा विधानसभा से विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र एवं रुद्रपुर वार्ड 39 के पार्षद सौरव राज बेहड़ पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला किया। माहरा ने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि अपराधियों का हौसला इतना बुलंद है कि वे जनप्रतिनिधियों को भी नहीं बख्श रहे।

करन माहरा ने आगे कहा, “यह सरकार न अपराध रोक पा रही है, न अपराधियों पर लगाम लगा पा रही है। नतीजा यह कि देवभूमि उत्तराखंड में जंगलराज जैसा माहौल बन गया है। यह सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है।”
उन्होंने मांग की कि भाजपा सरकार को इस अराजकता की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अन्यथा जनता का भरोसा पूरी तरह से टूट जाएगा।

Recent Comments