भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था चरमराई, भ्रष्टाचार चरम पर: अखिलेश यादव

लखनऊ  9 मार्च (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त करने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हालत बदतर हो चुकी है, हर सरकारी विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है और ऊपर से नीचे तक लूट और घोटाले हो रहे हैं। भाजपा सरकार अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही है, जिससे प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो चुका है। खुलेआम सरकारी धन की बंदरबांट हो रही है और कालाबाजारी को खुली छूट मिली हुई है।उन्होंने हाल ही में सीतापुर में एक पत्रकार की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार के जीरो टॉलरेंस की सच्चाई उजागर करता है। पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, लेकिन सरकार अब तक मौन है। यह स्थिति दर्शाती है कि अगर एक पत्रकार ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में सच को उजागर करने वाले पत्रकारों को धमकियां मिलती हैं, उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाते हैं और कई मामलों में उनकी हत्या तक हो जाती है।उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार झूठ और लूट को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री ने महाकुंभ में 30 करोड़ रुपये की कमाई का झूठा आंकड़ा तो सदन में पेश कर दिया, लेकिन महाकुंभ में भगदड़ से मरने वालों की संख्या तक नहीं बताई और पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदना तक प्रकट नहीं की।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को पूरी छूट मिली हुई है। जब सरकार खुद विधानसभा में हिस्ट्रीशीटरों और अपराधियों का महिमामंडन करेगी, तो प्रदेश में कानून व्यवस्था कैसे सुधरेगी? सरकार एक तरफ भ्रष्टाचारियों और ठगों को संरक्षण दे रही है, वहीं दूसरी ओर लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वालों के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सच दिखाने वाले पत्रकारों को धमकाती है, उन्हें प्रताडि़त करती है और अभिव्यक्ति की आजादी कुचलने का कोई मौका नहीं छोड़ती। सत्य बोलने वालों को जेल में डाल दिया जाता है और फर्जी मुकदमे लादे जाते हैं। सरकार का पूरा सिस्टम भ्रष्टाचार को दबाने और सच्चाई को छिपाने में लगा हुआ है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधी बेखौफ हैं और सरकार के कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ किए गए सारे दावे झूठे साबित हो चुके हैं। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की सच्चाई समझ चुकी है और 2027 में उसे सत्ता से बेदखल कर प्रदेश को जंगलराज से मुक्ति दिलाएगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments