ऋषिकेश । कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा हमारी सनातन संस्कृति की आत्मा है, जो समाज में संस्कार, समरसता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करती है। श्रीमद् भागवत कथा सुनने से मानव जीवन को सही दिशा मिलती है। शुक्रवार को ऋषिकेश रोड स्थित वेडिंग प्वाइंट में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी, यशोदा मैया के वात्सल्य भाव तथा गोवर्धन पूजा के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा व्यास धर्मेंद्र उपाध्याय शास्त्री ने श्रद्धालुओं से अपने जीवन में धर्म और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश देती हैं, जबकि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति संरक्षण, सामूहिकता और कर्तव्यबोध की सीख देती है।
कथा में पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कथा व्यास से आशीर्वाद लिया और भागवत कथा का श्रवण किया। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भागवत कथा जैसे आध्यात्मिक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कथा श्रवण करने वालों में धर्मो देवी, ईश्वर चंद अग्रवाल, निशा अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, बाला देवी, आनंद गुप्ता, कैलाश मित्तल, कीर्ति अग्रवाल, नीरज गोयल, संपूर्णानंद थपलियाल आदि उपस्थित रहे।

Recent Comments