

पार्ट टाइम जॉब के नाम पर विदेशी नंबर से हुआ था संपर्क, फर्जी ऐप पर ट्रेडिंग कराकर ठगों ने ऐंठे लाखों, रायपुर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
देहरादून। साइबर ठगों ने ऑनलाइन पार्ट टाइम नौकरी और क्रिप्टो ट्रेडिंग का लालच देकर अमन विहार निवासी ललित बोरा से 18.50 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित की तहरीर पर रविवार को रायपुर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच में सामने आया कि ठगों ने बेहद सुनियोजित तरीके से पीड़ित को अपने जाल में फंसाया। सबसे पहले एक विदेशी व्हाट्सऐप नंबर से संपर्क कर खुद को “पिन स्टॉर्म वीवर्क” कंपनी का प्रतिनिधि बताया गया और होटल रिव्यू का आसान काम सौंपा गया। विश्वास जीतने के लिए शुरुआती रिव्यू के बदले पीड़ित के बैंक खाते में यूपीआई के जरिए छोटी-छोटी रकम भेजी गई। भरोसा बनने के बाद ठगों ने पीड़ित को एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा और टास्क का पैटर्न बदल दिया।
इसके बाद पीड़ित को फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट “बिटगेट” पर रजिस्टर कराकर क्रिप्टो ट्रेडिंग कराई गई। ट्रेडिंग के दौरान जानबूझकर अधिक खरीदें और कम खरीदें का भ्रम पैदा कर पीड़ित से गलत ट्रेड कराए गए। इसके बाद रकम फंसने का डर दिखाकर “फॉल्ट रिपेयर टास्क” के नाम पर लाखों रुपये जमा कराए गए। अंत में क्रेडिट स्कोर 80 से कम होने और ट्रांजेक्शन में “क्रेडिट” शब्द न लिखे जाने जैसे अजीबोगरीब बहाने बनाकर पीड़ित से कुल 18.50 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।
इसके बाद भी आरोपी लगातार और रकम की मांग करते रहे, तब जाकर पीड़ित को साइबर ठगी का एहसास हुआ। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जिन बैंक खातों में रकम जमा हुई तथा जिन मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया गया, उनकी जांच की जा रही है।

Recent Comments