विवादित बयान पर बैकफुट में आए महेंद्र भट्ट, छात्रों से मांगी माफी; बोले- किसी की भावनाएं आहत हुई हों तो खेद है

सफाई के एक दिन बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जारी किया माफीनामा, कहा- विद्यार्थियों के प्रति मेरे मन में हमेशा सम्मान रहा है।

देहरादून। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छात्रों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने आखिरकार सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। उनके बयान को लेकर प्रदेशभर में छात्रों और युवाओं के बीच नाराजगी देखने को मिली थी। विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर भाजपा को घेरा, जबकि कई छात्र संगठनों ने भट्ट से माफी और इस्तीफे की मांग की थी। लगातार बढ़ते विवाद के बीच अब उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखते हुए खेद व्यक्त किया है।

इससे पहले महेंद्र भट्ट ने सफाई देते हुए कहा था कि उनके बयान को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया गया और कुछ लोगों ने उसे तोड़-मरोड़कर प्रचारित किया। हालांकि यह सफाई विवाद को शांत नहीं कर सकी और छात्र संगठनों का विरोध जारी रहा।

रविवार को जारी अपने माफीनामे में महेंद्र भट्ट ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी छात्र या युवा का अपमान करना नहीं था। उन्होंने लिखा कि यदि उनके वक्तव्य से किसी विद्यार्थी, अभिभावक या नागरिक की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे उसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों के प्रति उनके मन में सदैव सम्मान रहा है और शिक्षा तथा युवाओं के हित सर्वोपरि हैं।

दरअसल, नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्र आंदोलन तेज हुआ था। दिल्ली के जंतर-मंतर सहित कई राज्यों में प्रदर्शन हुए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठी। आंदोलन के बढ़ते दबाव के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उनके इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते समय महेंद्र भट्ट की टिप्पणी विवादों में आ गई, जिसे लेकर छात्रों और विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई।

महेंद्र भट्ट की ओर से माफी आने के बाद अब राजनीतिक और छात्र संगठनों की नजर इस बात पर रहेगी कि इस पूरे विवाद पर आगे क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments