नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों पर अभद्रता के विरोध में महिला कांग्रेस का पुलिस मुख्यालय घेराव

दमन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, पुतला दहन

देहरादून। नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की गई अभद्रता और थप्पड़ मारने की घटना के विरोध में उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने आज पुलिस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर घेराव किया। उत्तराखंड महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से रैली निकालते हुए बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता व नर्सिंग बेरोज़गार युवतियाँ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।

पुलिस मुख्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर महिला कांग्रेस नेतृत्व को रोक दिया गया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन किया। बाद में पुलिस ने नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर एकता विहार छोड़ दिया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि रोजगार मांगने वाली बेटियों के साथ इस तरह का दमन और अपमान सरकार की संवेदनहीनता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार युवाओं की आवाज़ सुनने के बजाय शक्ति का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है।

महिला कांग्रेस ने दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई, पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच तथा नर्सिंग के लंबित रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई।
रौतेला ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर उस बेटी के सम्मान और अधिकारों की हिफाज़त के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके साथ अन्याय हुआ है।

इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, प्रदेश महासचिव निधि नेगी, सुशीला शर्मा, पुष्पा पवार, अनुराधा तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सकलानी, सचिव रेखा ढींगरा, सेवादल से सावित्री थापा, मंजू सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments