
ICU में एसी से उठी चिंगारी ने लिया विकराल रूप, महिला मरीज की मौत, कई लोग घायल
देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित पैनेसिया अस्पताल में मंगलवार सुबह अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। हादसा अस्पताल के आईसीयू में हुआ, जहां एसी यूनिट में तकनीकी खराबी के बाद आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय आईसीयू में भर्ती मरीजों और अस्पताल स्टाफ के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक महिला मरीज की मौत हो गई, जबकि राहत और बचाव कार्य के दौरान पुलिसकर्मियों समेत कई लोग झुलस गए।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अस्पताल के आईसीयू क्षेत्र से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग फैल गई और पूरे परिसर में धुएं का गुबार भर गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे के समय आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। सभी मरीजों को तत्काल दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया। गंभीर हालत में एक महिला मरीज को कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 60 वर्षीय वीरवती निवासी कांवली, देहरादून के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर दम घुटने और झुलसने को मौत का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

घटना में करीब दस लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें राहत कार्य में जुटे तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। कई मरीजों को दून अस्पताल, कोरोनेशन अस्पताल और कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे और आईजी गढ़वाल भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन से जानकारी ली और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला एसी में शॉर्ट सर्किट अथवा तकनीकी खराबी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
घटना के बाद अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अस्पतालों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच की जाती है और इस मामले में यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर के बाहर मरीजों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे क्षेत्र में लंबे समय तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।

घायल व्यक्ति:-
राहुल कुमार (32 वर्ष) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव बूंद की मिल थाना नगीना नजीबाबाद बिजनौर.
मुकेश पुत्र (42) रामपाल निवासी गांव नंदनपुर हिमाचल प्रदेश हिमाचल प्रदेश.
शंभू दास (45) पुत्र गिरवानदास निवासी भगवानपुर हरिद्वार.
गौरी (ढाई साल) पुत्री रेनू निवासी चंद्रपुर चंद्रपुर सहारनपुर.
दौलत सिंह (45) पुत्र श्री देव सिंह नेगी निवासी नंदा नगर चमोली.
बेबी उर्फ पायल (नवजात) निवासी अज्ञात.
संगीता देवी पता अज्ञात.
खान बहादुर पुत्र मुख्तियार निवासी मंगलौर हरिद्वार.
नित्यानंद (42) पुत्र सोमपाल निवासी भगवानपुर हरिद्वार.
निहाल (69) पुत्र घसीटा निवासी नेहटौर, जिला बिजनौर
(कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती).
घायल पुलिसकर्मी:-
सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार (ट्रैफिक).
कांस्टेबल बृजमोहन रावत (थाना नेहरू कॉलोनी).
कांस्टेबल बृजमोहन कनवासी (थाना नेहरू कॉलोनी).

Recent Comments