देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर कैंट क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आजाद कॉलोनी, गोविन्दगढ़, यमुना कॉलोनी, ईदगाह, बिन्दाल क्षेत्र में रह रहे 780 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।
सत्यापन अभियान के दौरान 90 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने पर लाया गया, जिनके सत्यापन की कार्यवाही की गई। इनमें से अधिकांश व्यक्ति अपने पहचान संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए।
किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 43 मकान मालिकों के विरुद्ध 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए उन पर 4 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। इन मकान मालिकों को भविष्य में किरायेदारों का सत्यापन कराने की हिदायत दी गई है।

इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 व्यक्तियों का 81 पुलिस एक्ट के अन्तर्गत चालान करते हुए 3750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इन व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से रहने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में पकड़ा गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर सम्पूर्ण जनपद में पुलिस द्वारा चलाया जा रहा सत्यापन अभियान निरन्तर जारी है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाना है, और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

Recent Comments