ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध गतिविधियों पर चला सघन चेकिंग अभियान


पटेलनगर और बाजार चौकी क्षेत्र में देर रात तक ताबड़तोड़ छापेमारी, 11 वारंटी गिरफ्तार, ड्रंक एंड ड्राइव में 3 गाड़ियां सीज

देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद में संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से “ऑपरेशन प्रहार” के तहत व्यापक चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस टीमों को ब्रीफ कर अलग-अलग टीमें गठित की गईं, जिन्होंने पटेलनगर और बाजार चौकी क्षेत्र समेत विभिन्न इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान संबंधित सभी क्षेत्राधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की तलाश में गहन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की यह कार्रवाई देर रात तक लगातार जारी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया।

अभियान के तहत पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों के संभावित ठिकानों पर औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी और 11 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों और फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन और सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में 3 गाड़ियों को सीज किया गया तथा संबंधित चालकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अभियान के दौरान किरायेदार सत्यापन को लेकर भी पुलिस ने गंभीरता दिखाई। बिना सत्यापन कराए बाहरी प्रदेश के व्यक्तियों को किराए पर रखने वाले 15 मकान मालिकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने मकान मालिकों को निर्देशित किया कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, अन्यथा भविष्य में उनके खिलाफ और कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दून पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से साफ है कि ऑपरेशन प्रहार केवल औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि अपराध, संदिग्ध गतिविधियों, सत्यापन में लापरवाही और कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ एक निर्णायक मुहिम के रूप में चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments