​स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: देहरादून में 50 क्विंटल नकली रसगुल्ला बरामद

देहरादून: दीपावली पर्व के नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों की मांग में तेजी देखने को मिल रही है, मगर इसी के साथ खाद्य वस्तुओं में मिलावटखोरी का सिलसिला भी बढ़ने लगा है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पटेलनगर क्षेत्र में एक गोदाम से करीब 50 क्विंटल रसगुल्ला बरामद किया है। रसगुल्ले की गुणवत्ता पर संदेह जताते हुए विभाग ने नमूने परीक्षण के लिए भेजे हैं और पूरा स्टॉक सीज कर दिया गया है।

बेसमेंट गोदाम से मिली बड़ी खेप

जानकारी के अनुसार, एफडीए की विशेष टीम ने दीपावली के मद्देनज़र सोमवार को राजधानी के पटेलनगर क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान समृद्धि भवन नामक अपार्टमेंट के नीचे बने बेसमेंट में एक गोदाम मिला, जहां विभिन्न कंपनियों के रसगुल्ले और मिठाइयों का भंडारण किया गया था। टीम को मौके से लगभग 50 क्विंटल रसगुल्ला बरामद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, यहां से शहर की करीब 15 दुकानों में सप्लाई की जा रही थी।

111 रुपए प्रति किलो दर्ज हुई कीमत

छापेमारी के दौरान मिली रसगुल्ला पैकिंग पर दर्ज कीमत ने भी एफडीए टीम को चौकन्ना कर दिया। पैकेट पर एक किलो रसगुल्ले की कीमत मात्र 111.76 रुपए दर्ज थी। अधिकारियों का कहना है कि इतनी कम कीमत पर गुणवत्ता युक्त मिठाई का बाजार में उपलब्ध होना संदेहास्पद है। इस आधार पर सभी पैकेटों के सैंपल जांच हेतु भेज दिए गए हैं।

कई दुकानों को किया गया नोटिस

निरीक्षण अभियानों के दौरान कुछ मिठाई विक्रेताओं के पास खाद्य लाइसेंस न पाए जाने पर टीम ने उन्हें नोटिस जारी किया है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह ने बताया कि एफडीए उपायुक्त (गढ़वाल मंडल) आर.एस. रावत और सहायक आयुक्त मनीष सयाना के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

दीपावली तक जारी रहेगा अभियान

सहायक आयुक्त मनीष सयाना ने बताया कि विभाग उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त उत्पाद ही बिक्री के लिए रखें। साथ ही जनता से आग्रह किया कि वे किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली तक प्रदेशभर में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और मिलावटयुक्त या कम गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों पर सख्ती से कार्यवाही की जाएगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments