देहरादून। प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक एक्शन लेते हुए ऊर्जा क्षेत्र के दो प्रमुख निगमों के प्रबंध निदेशकों (एमडी) समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया। ये सभी अधिकारी सेवानिवृत्त होने के बाद सरकार द्वारा दिए गए सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) पर कार्यरत थे।
सरकार ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के एमडी को हटाते हुए उनके स्थान पर नए अधिकारियों की तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं।

ऊर्जा सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार को 30 जून 2024 को सेवानिवृत्ति के बाद दो वर्ष का कार्यकाल विस्तार दिया गया था। अब उन्हें पदमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह यूजेवीएनएल में महाप्रबंधक (भागीरथी वैली) और पिटकुल में प्रभारी निदेशक (परिचालन) गजेंद्र सिंह बुदियाल को यूपीसीएल का एमडी बनाया गया है।
वहीं यूजेवीएनएल के एमडी संदीप सिंघल को भी 30 जून 2024 को सेवानिवृत्ति के उपरांत दो वर्ष का विस्तार दिया गया था। सरकार ने उन्हें भी अपने पद से हटाने का फैसला किया है। उनके स्थान पर यूजेवीएनएल में ही महाप्रबंधक (भागीरथी वैली) और प्रभारी निदेशक (परिचालन) अजय कुमार सिंह को नया एमडी नियुक्त किया गया है।

शासन ने यूपीसीएल के निदेशक (परियोजना) अजय कुमार अग्रवाल को भी पदमुक्त कर दिया है। हालांकि, उनके रिक्त पद पर किसी अन्य अधिकारी की तैनाती अभी नहीं की गई है। बता दें कि अग्रवाल भी सेवा विस्तार का लाभ उठा रहे थे।
सरकार के इस कदम को प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में प्रशासनिक पुनर्गठन और नई टीम के साथ काम करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल सभी नवनियुक्त अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश दे दिए गए हैं।




Recent Comments