देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ साइबर क्राइम पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गूगल पर फर्जी बैंक कस्टमर केयर नंबर डालकर लोगों को ठगने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने देहरादून निवासी पीड़ित से पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बनकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बहाने बैंक डिटेल और ओटीपी हासिल किए और उसके खाते से कुल ₹14.08 लाख रुपये उड़ा लिए।
इस तरह हुआ था धोखा
वर्ष 2021 में देहरादून निवासी एक पीड़ित ने गूगल पर पंजाब नेशनल बैंक का कस्टमर केयर नंबर 18004127881 सर्च कर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए पीड़ित का विश्वास जीता। इसके बाद लिंक भेजकर व्यक्तिगत व बैंकिंग जानकारी ली और व्हाट्सएप पर ओटीपी व अन्य विवरण भी हासिल कर लिए। आरोपी ने इनका दुरुपयोग कर खाते से बड़ी रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दी।
तकनीकी निगरानी से दबोचा गया आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान मामले में गुजरात निवासी मोरादिया हार्दिक कुमार भगवान भाई का नाम सामने आया। न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद साइबर थाना पुलिस टीम लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर रही थी। तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जांच, कॉल डिटेल्स और डिजिटल फुटप्रिंट्स का अध्ययन करने के बाद टीम ने आरोपी को उसके सूरत स्थित घर से दबोच लिया।
गिरफ्तारी से बचने को अपनाए शातिर तरीके
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से पैतृक घर में छिपा था और फर्जी पहचान पत्र, अलग-अलग मोबाइल नंबर व बैंक खातों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी करता रहा। आरोपी गुप्त रूप से अपने साथियों के संपर्क में रहकर देशभर में लोगों को शिकार बना रहा था।
पुलिस की चेतावनी और अपील
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के मार्गदर्शन और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर/साइबर डॉ. वी. मुरुगेसन तथा आईजी लॉ एंड ऑर्डर/साइबर डॉ. नीलेश आनंद भरने के दिशा-निर्देश में एसटीएफ की टीम साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के फर्जी कस्टमर केयर नंबर, आकर्षक निवेश ऑफर, यूट्यूब/टेलीग्राम आधारित इन्वेस्टमेंट स्कीम या अंजान कॉल के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या नजदीकी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।

Recent Comments