उत्तरकाशी – नशामुक्त भारत अभियान की पाँचवीं वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार को जिला प्रेक्षागृह में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष जिला पंचायत रमेश चौहान, क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान एवं जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों को नशीले पदार्थों के उपयोग के विरुद्ध शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान गुरुनानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर में आयोजित नशामुक्त भारत अभियान के राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक एवं जिलाधिकारी ने नशे के खिलाफ हस्ताक्षर किए और नशा-मुक्त भारत अभियान का संदेश दिया। नशा मुक्ति विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न छात्र-छात्राओं ने भाषण, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा उन्मूलन का संदेश दिया।

एमडीएस के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में नशे के बढ़ते दुष्परिणामों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग को प्रभावी रूप से दर्शाया गया। नशा मुक्ति अभियान से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नशे से मुक्ति पर विशेष सत्र आयोजित किए।
एंटी-ड्रग्स एवं एंटी-टोबैको कमेटी के सदस्यों ने सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग से ज्ञानेंद्र पंवार ने तम्बाकू सेवन के बढ़ते खतरों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 11 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में इसके उपयोग के चिंताजनक आंकड़े सामने आ रहे हैं।
स्वाति नोटियाल ने युवाओं में नशे के बढ़ते प्रचलन पर अपनी बेबाक राय रखते हुए बताया कि 13 से 19 वर्ष के किशोर अपने परिवेश व मित्र मंडली के कारण भटकाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के प्रति संवादात्मक और सहायक व्यवहार अपनाने की सलाह दी।
जिलाध्यक्ष जिला पंचायत ने युवाओं में समय के मूल्य को समझाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती है। गंगोत्री विधायक ने कहा कि पिछले वर्षों में प्रशासन के सहयोग से नशे की गिरफ्त में आए चार सौ से अधिक युवाओं की पहचान कर उन्हें मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूड़ा एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली, सीओ जनक पंवार, चंद्र मोहन पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Recent Comments