पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर की चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के मुख्य बिंदु:
जिलाधिकारी ने स्त्री रोग विशेषज्ञ को शीघ्र ज्वाइन करने के निर्देश दिए, जिससे गर्भवती महिलाओं को विशेषज्ञ सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि मरीजों को यथासंभव उपचार की सुविधा अस्पताल में ही उपलब्ध करायी जाए।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ऑक्सीजन प्लांट की मरम्मत करवाने और जिला चिकित्सालय में अतिरिक्त सीटी स्कैन मशीन को संयुक्त अस्पताल में लाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य उपकरणों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने मशीनों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

बैठक में पैथोलॉजी के लिए फुली ऑटोमेटेड हार्मोनल एनालाइजर मशीन के क्रय का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही 9 सेवक/सेविकाओं का 11 माह हेतु सेवा विस्तार की कार्योत्तर स्वीकृत का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
निरीक्षण और फीडबैक:
बैठक उपरांत जिलाधिकारी ने महिला एवं पुरुष वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। उन्होंने जन औषधि केंद्र, मेडिसिन ओपीडी, होम्योपैथी केंद्र, ऑपरेशन थियेटर, लेबर वार्ड और पैथोलॉजी कक्ष का निरीक्षण किया।


अन्य निर्देश:
जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में जितनी भी दवाएँ लिखी जाएँ, वे यहीं से मुफ्त उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर की स्वच्छता, चिकित्सकों का मरीजों के प्रति व्यवहार और समयबद्ध उपचार सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा जाए।

Recent Comments