हरिद्वार । नगर क्षेत्र में फुटपाथ, नाली और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा यातायात को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान की अध्यक्षता में व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ने व्यापारियों से अपील की कि वे चार दिन के भीतर दुकानों के बाहर फुटपाथ और नालियों पर रखे सामान को स्वयं हटाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तय समय के बाद भी अतिक्रमण बरकरार रहने पर प्रशासन कार्रवाई करेगा, सामान जब्त किया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा।
बैठक में यह भी संज्ञान लिया गया कि शहर में कई बिना लाइसेंस की रेहड़ी-ठेली अतिक्रमण कर रही हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके लिए नगर निगम को अवैध ठेलों की जांच और हटाने के साथ निगरानी हेतु ज़ेब्रा फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध होर्डिंग्स, बैनर और लटके केबल तार हटाने तथा नालियों की सफाई के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में व्यापार संघ के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे फुटपाथ खाली कराएंगे और अभियान में सहयोग करेंगे।
इस मौके पर पीडब्ल्यूडी और नगर निगम अधिकारी, पुलिस प्रतिनिधि और व्यापार मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments