गुमशुदा नाबालिग 10 घंटे के भीतर सकुशल बरामद, दून पुलिस ने लौटाई परिजनों की मुस्कान


देहरादून, 25 अप्रैल 2025: दून पुलिस ने एक त्वरित और सराहनीय कार्यवाही करते हुए एक गुमशुदा नाबालिग बच्ची को महज 10 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। बच्ची, जो परीक्षा में फेल होने पर परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से चली गई थी, को पटेलनगर क्षेत्र से सुरक्षित ढूंढ निकाला गया, जिससे उसके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
घटनाक्रम के अनुसार, कल दिनांक 24/04/25 को गोरखपुर चौक शक्ति विहार, थाना पटेल नगर, देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पटेलनगर में अपनी 13 वर्षीय नाबालिग बहन के गुम होने की सूचना दर्ज कराई। वादी ने बताया कि उनकी बहन परीक्षा में असफल हो गई थी, जिस पर उन्होंने उसे डांट दिया था। इससे नाराज होकर वह बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई थी। परिजनों ने उसे आसपास के इलाकों में काफी तलाशा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर तत्काल थाना पटेलनगर में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बच्ची के संभावित रास्तों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही, गुमशुदा बच्ची की तस्वीर को व्हाट्सएप के माध्यम से प्रसारित कर आसपास के सभी थानों को सूचित किया गया और बच्ची की तलाश में सहयोग मांगा गया।
पुलिस टीम ने पारंपरिक पुलिसिंग तकनीकों (मैनुअल पुलिसिंग) का भी इस्तेमाल करते हुए अपने गुप्त सूत्रों से जानकारी एकत्र करना शुरू किया। इस दौरान, पुलिस को सूचना मिली कि गुमशुदा बच्ची को शिमला बायपास क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और शिमला बाईपास रोड पर दबिश देकर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
अपनी बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने दून पुलिस की त्वरित कार्यवाही और प्रयासों की जमकर सराहना की और भावुक होकर “थैंक्यू दून पुलिस” कहा।
इस सफल बरामदगी में निम्नलिखित पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई:
1- अ0उ0नि0 डालिंदर सिंह
2- कां0 हेमंती नंदन बहुगुणा
दून पुलिस की इस त्वरित और मानवीय पहल ने न केवल एक नाबालिग बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया बल्कि पुलिस के प्रति आमजन के विश्वास को भी और मजबूत किया है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments