रुद्रपुर/ऊधमसिंहनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘सशक्त उत्तराखण्ड’ के संकल्प और पुलिस महानिरीक्षक (कुमाऊं परिक्षेत्र) श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल की मानवीय पुलिसिंग की सोच को धरातल पर उतारते हुए जनपद ऊधमसिंहनगर में आयोजित दो दिवसीय ‘संवाद वेलनेस मेला–2026’ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित इस समागम ने न केवल पुलिस बल के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित किया, बल्कि उनके परिवारों और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक नई राह भी दिखाई।
‘मिशन संवाद’ केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न होकर पुलिस कर्मियों के कार्य-जीवन में संतुलन (Work-Life Balance) बनाने का एक गंभीर प्रयास है। ‘द स्कूल ऑफ लाइफ, नई दिल्ली’ के अनुभवी काउंसलरों ने पुलिसकर्मियों को तनाव प्रबंधन और भावनात्मक मजबूती के गुर सिखाए। इस आयोजन का एक सराहनीय पहलू मीडिया जगत की भागीदारी रही; पत्रकार बंधुओं के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए, जो इस मिशन के व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाता है।

पुलिस कर्मियों के बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए दिल्ली से आए विशेषज्ञों ने कक्षा 8 से स्नातक स्तर तक के 402 छात्र-छात्राओं को करियर चयन और प्रतियोगी परीक्षाओं की बारीकियां समझाईं। इसमें पुलिस मॉडर्न स्कूल, 31वीं वाहिनी पीएसी, जे.पी.एस., डी.पी.एस. और नैन्सी कॉन्वेंट जैसे प्रमुख स्कूलों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने आधुनिक युग के करियर विकल्पों और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया।
मेले के दौरान 4 प्रतिष्ठित अस्पतालों के सहयोग से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में 700 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक जांच कराई। ज्ञात हो कि 05 जुलाई 2025 को शुरू हुए इस मिशन के तहत अब तक 5000 से अधिक पुलिसकर्मी पंजीकृत हो चुके हैं। इस मिशन के अंतर्गत तैयार किया गया ‘मोबाइल ऐप’ पुलिसकर्मियों को उनकी समस्याओं के लिए एक सुरक्षित और गोपनीय काउंसलिंग मंच प्रदान कर रहा है, जिसके माध्यम से अब तक 41 गंभीर मामलों का सफल निस्तारण किया जा चुका है।


कार्यक्रम के समापन अवसर पर आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल के साथ एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति, एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी और सीओ लाइन दौलत राम वर्मा मौजूद रहे। साथ ही ‘गाइड फोर कैरियर्स’ के राजेश मिश्रा, डॉ. डायना चेरियान, आरती शंखला और सॉफ्टवेयर विशेषज्ञ गौरव कुमार झा की टीमों ने अपनी तकनीकी और परामर्श सेवाएं प्रदान कीं।

Recent Comments