देहरादून में जल्द दौड़ेंगी आधुनिक मिनी ईवी बसें

परेड ग्राउंड व तिब्बती मार्केट पार्किंग से जुड़ी होंगी निःशुल्क शटल सेवा, एमओयू साइन

देहरादून। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में देहरादून जिला प्रशासन शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू करने जा रहा है। जिले में ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग से जुड़ी आधुनिक इलेक्ट्रिक मिनी बस शटल सेवा शीघ्र शुरू की जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने एडॉर्न एजेंसी के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर कर लिए हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को वर्चुअल बैठक के माध्यम से स्मार्ट सिटी, एडॉर्न संस्था और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बसों की खरीद प्रक्रिया और संचालन की तैयारियां जल्द पूरी की जाएं।
प्रथम चरण में पांच आधुनिक ईवी मिनी बसें खरीदी जा रही हैं, जबकि आवश्यकतानुसार संख्या बढ़ाई जाएगी। ये 13-सीटर बसें अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगी और शहर के मुख्य मार्गों पर पर्यावरण अनुकूल परिवहन सेवा उपलब्ध कराएंगी।

ऑटोमेटेड पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले नागरिकों को इन बसों के माध्यम से निःशुल्क परिवहन सुविधा दी जाएगी। आम जनता के लिए न्यूनतम किराया तय किया जाएगा।
शहर में पहले चरण में घंटाघर, सुभाष रोड, गांधी पार्क और सचिवालय मार्ग सहित लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में 10 ड्रॉप-पिकअप पॉइंट बनाए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने शहर में ट्रैफिक जाम पर नियंत्रण और पार्किंग सुधार के उद्देश्य से तीन प्रमुख ऑटोमेटेड पार्किंग स्थल विकसित किए हैं—परेड ग्राउंड (111 वाहन क्षमता), तिब्बती मार्केट (132 वाहन) और कोरोनेशन (18 वाहन)।
इन स्थलों पर पहले से संचालित “सखी ईवी कैब सेवा” को जनता का अच्छा प्रतिसाद मिला है। अब इस श्रृंखला में मिनी ईवी बस शटल सेवा जोड़ने से आमजन को सुविधा और बढ़ेगी।

वर्चुअल बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसीईओ स्मार्ट सिटी तीरथ पाल सिंह, एडॉर्न संस्था के विजय कुमार, सलाहकार युवराज और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments