देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लालकिले से दिए गए भाषण को प्रेरणादायक और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह भाषण 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने वाला एक दूरदर्शी रोडमैप है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय व परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर डॉ. बंसल ने स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब व वंचित वर्ग को घर, बिजली और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएँ दी हैं और साथ ही भारत को विश्व स्तर पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है।
डॉ. बंसल ने प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी अपनाने के आह्वान, किसानों-पशुपालकों-मछुआरों के संरक्षण, ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना के अदम्य साहस का उल्लेख करने को सराहा। उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से रक्षा क्षेत्र व सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों में हो रही प्रगति को देश की सुरक्षा और भविष्य की मजबूती का प्रमाण कहा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने दीपावली तक जीएसटी सरलीकरण, युवाओं को रोजगार व प्रथम नियुक्ति पर 15,000 रुपये प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की है।
अंत में डॉ. बंसल ने देशवासियों से अपील की कि इस स्वतंत्रता दिवस पर सभी लोग विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए अधिक से अधिक स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सर्वोच्च भूमिका निभाएँ।

Recent Comments