देहरादून(आरएनएस)। शहर में बंदरों के हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला बद्रीपुर जोगीवाला क्षेत्र में रहने वाले रायपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सीएमएस डा. पीएस रावत पर हमले का है। उन पर घर के आंगन में आकर कुछ बंदरों ने हमला कर दिया। जिसमें वे चोटिल भी हो गए। उन्होंने मामले की शिकायत वन विभाग के अधिकारियों से भी की है। हालांकि डीएफओ देहरादून नीरज शर्मा का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में बंदरों को पकड़ने का काम वन विभाग का नहीं है। ये जिम्मेदारी नगर निगम की है। उन पर हमले का एक सीसीटीवी का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। डा. पीएस रावत का घर देहरादून डिवीजन की लच्छीवाला रेंज क्षेत्र में आता है। सुबह वे अपने घर के बाहर आंगन में गाड़ी निकालने की तैयारी में थे। इसी बीच उनकी बाउंड्रीवाल से कूदकर एक बंदर अंदर आ गया और उन पर हमला बोल दिया। जब उन्होंने अपना बचाव करते हुए एक छड़ी से बंदर को भगाना चाहा तो चार पांच बंदरों ने एक साथ आकर उन पर हमला कर दिया। बंदर उन पर झपटे तो वे अंदर भागने के चक्कर में सीढियों पर ही गिरकर चोटिल हो गए। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। इस मामले की शिकायत जब विभागीय मुखिया पीसीसीएफ डा. धनंजय मोहन तक पहुंची तो उन्होंने बंदर पकड़वाने की बात कही।

Recent Comments