
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी दिनों में राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों-नालों के उफान पर आने की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है।
रविवार को नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 जुलाई को भी ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा होने की आशंका के मद्देनज़र लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
7 जुलाई को भी मौसम के तेवर नरम पड़ने के संकेत नहीं हैं। देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में फिर से कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। लगातार सक्रिय मानसून के कारण पहाड़ी इलाकों में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना रह सकता है।
शनिवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। कहीं हल्की से मध्यम बारिश ने गर्मी से राहत दी तो कई क्षेत्रों में बारिश थमते ही उमस ने लोगों को परेशान किया। देहरादून में सुबह धूप और बादलों की आंख-मिचौली के बीच कुछ स्थानों पर वर्षा हुई, जबकि अधिकांश इलाकों में उमस बनी रही।
तापमान की बात करें तो देहरादून में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम 37.0 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री, मुक्तेश्वर में अधिकतम 25.2 डिग्री तथा न्यूनतम 16.6 डिग्री, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 26.8 डिग्री और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Recent Comments