

मसूरी । मसूरी टाउन हॉल में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की ओर से रक्षाबंधन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसमें चार हजार से अधिक बहनों ने पहुंचकर मंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके दीर्घायु, सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड की सह-प्रभारी रेखा वर्मा तथा राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसी क्रम में रेखा वर्मा ने स्वयं मंत्री गणेश जोशी को राखी बांधी, जिसके बाद वातावरण पारंपरिक उल्लास और आत्मीयता से भर उठा। गढ़वाली, कुमाऊंनी और नेपाली सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में रंग भरे और मौजूद जनसमूह का मन मोह लिया।
समारोह के दौरान मंत्री गणेश जोशी की धर्मपत्नी निर्मला जोशी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की कलाई पर भी रक्षा सूत्र बांधा। मंत्री जोशी ने बहनों को उपहार भेंट करते हुए उनकी रक्षा का संकल्प दोहराया और सभी को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व उनके जीवन का सबसे आत्मीय और भावनात्मक दिवस है, जब वह स्वयं को मंत्री से पहले एक भाई, बेटे और परिवार के जिम्मेदार सदस्य के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा कि बहनों का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जो उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सतत कार्य कर रही है।

मुख्य अतिथि रेखा वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व मंत्री गणेश जोशी द्वारा हर वर्ष बड़े उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया जाता है और कार्यक्रम में उमड़ा बहनों का सैलाब उनके प्रति अपार स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का पर्व बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मातृशक्ति के सम्मान का सशक्त संदेश देते हैं। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेज प्रगति का उल्लेख किया और कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत मसूरी विधानसभा की होगी। उन्होंने यह भी आह्वान किया कि रक्षाबंधन के संकल्प के साथ-साथ हमें देश की रक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, राज्यमंत्री सुनील सैनी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, निर्मला जोशी और वंदना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति रही। उत्साह, पारंपरिक समन्वय और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ यह समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें मंत्री गणेश जोशी के प्रति बहनों का स्नेह और विश्वास कार्यक्रम की विशेष पहचान बना रहा।


Recent Comments