ग्राफिक एरा में नेट ज़ीरो उत्सर्जन पर राष्ट्रीय सम्मेलन

देहरादून । ग्राफिक एरा में देशभर से आए विशेषज्ञ, शोधकर्ता और शिक्षाविद स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों, नेट ज़ीरो उत्सर्जन और सतत् विकास से जुड़े मुद्दों पर गहन मंथन कर भविष्य की ऊर्जा रणनीतियों पर विचार-विमर्श हुआ।

आज ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियाँ और नेट ज़ीरो उत्सर्जन विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हो गया। मुख्य अतिथि इंटरनेशनल सोलर एलायंस के पूर्व महानिदेशक श्री उपेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि नेट ज़ीरो उत्सर्जन को एक लक्ष्य के रूप में नहीं, बल्कि विकास की दीर्घकालिक रणनीति के रूप में अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का यह विषय उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्य के संदर्भ में और भी अधिक प्रासंगिक हो जाता है, जहां स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों का विकास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आजीविका सृजन का मजबूत माध्यम बन सकता है। श्री त्रिपाठी ने कहा कि नेट ज़ीरो उत्सर्जन की दिशा में होने वाली प्रगति केवल नई तकनीकों के आविष्कार से नहीं, बल्कि मौजूदा तकनीकों के समन्वित और व्यावहारिक उपयोग से संभव है।

ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति  डा. नरपिंदर सिंह ने कहा कि आने वाले वर्षों में ऊर्जा की मांग में तेज़ी से वृद्धि होना तय है, ऐसे में ऊर्जा उत्पादन के वर्तमान स्रोतों पर पुनर्विचार करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश की लगभग 60 प्रतिशत ऊर्जा आपूर्ति कोयले पर निर्भर है, जिसके कारण ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन लगातार बढ़ रहा है। यह बढ़ता उत्सर्जन न केवल पर्यावरण के लिए, बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है।

तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन में दस तकनीकी सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों और नेट ज़ीरो उत्सर्जन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श होगा। इन तकनीकी सत्रों में सौर ऊर्जा विकास, ऊर्जा भंडारण प्रणालियाँ, ग्रीन हाइड्रोजन , स्वच्छ ऊर्जा के लिए अनुसंधान एवं विकास नीति, संसाधन आकलन, उन्नत सोलर पीवी तकनीक, सोलर अनुप्रयोग, बायोएनर्जी और सतत् ऊर्जा समाधान जैसे विषय शामिल हैं। सम्मेलन में देशभर से 120 प्रतिभागी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भाग लेंगे।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर क्लीन एनर्जी रिसर्च, आईआईटी रुड़की के सेंटर फॉर सस्टेनेबल एनर्जी और  नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सोलर एनर्जी ने संयुक्त रूप से किया। सम्मेलन में हाइड्रोजन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डा. आर. के. मल्होत्रा, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस के इंटरडिसिप्लिनरी सेंटर फॉर एनर्जी रिसर्च के  प्रो. एस. दासप्पा, आईआईटी रुड़की के सेंटर फॉर सस्टेनेबल एनर्जी के हेड प्रो. सौमित्र सतापथी के साथ ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर क्लीन एनर्जी रिसर्च के निदेशक डा. बी. एस. नेगी , सम्मेलन के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डा. संजीव किमोठी , डा. देशबंधु सिंह , अन्य विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सम्मेलन का संचालन डा. भारती शर्मा ने किया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments