मतदाता सुनवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: गढ़वाल आयुक्त ने राजपुर रोड व मसूरी के शिविरों का औचक निरीक्षण किया

देहरादून। गढ़वाल आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र राजपुर रोड (अ.जा.) और मसूरी के विभिन्न मतदेय स्थलों व सुनवाई शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र मतदाताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

आयुक्त ने राजपुर रोड के मतदेय स्थल संख्या-84 डीएवी इंटर कॉलेज करनपुर, संख्या-109 सेंट थॉमस कॉलेज क्रॉस रोड तथा मसूरी विधानसभा अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज डोभालवाला स्थित दो मतदेय स्थलों पर आयोजित सुनवाई शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एनपी देवली तथा संबंधित निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे।

सुनवाई के लिए पहुंचे मतदाताओं से सीधे संवाद कर आयुक्त ने जानकारी ली कि बीएलओ किन दस्तावेजों की मांग कर रहे हैं। अनमैप्ड वोटर्स से वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली का विवरण या आयोग द्वारा निर्धारित 11 मान्य दस्तावेजों में से कोई एक मांगा जा रहा है, जबकि नाम या संबंधी के नाम में सूक्ष्म त्रुटि वाले मामलों में एक मान्य दस्तावेज के आधार पर सुनवाई की जा रही है।

आयुक्त ने सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुनवाई कक्ष में आयोग द्वारा निर्धारित सभी मान्य दस्तावेजों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। उन्होंने बीएलओ सुपरवाइजरों और बीएलओ को सख्त हिदायत दी कि निर्धारित दस्तावेजों के अलावा कोई अनावश्यक मांग न की जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की सुनवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। किसी भी मतदाता के साथ असुविधा या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने एईआरओ द्वारा की जा रही सुनवाई प्रक्रिया और ईआरओ नेट पर अपलोड की जा रही रिपोर्ट की भी समीक्षा की। आयुक्त ने कहा कि जैसे-जैसे नोटिसों की सुनवाई पूर्ण होती जाए, उसकी प्रविष्टि तुरंत बीएलओ एप और ईआरओ नेट पर की जाए, ताकि अभियान की प्रगति का वास्तविक और अद्यतन विवरण उपलब्ध रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments