गांवों में विकास की नई राह: अमृत सरोवर से रोजगार तक, जिलाधिकारी ने दिए ठोस निर्देश

पौड़ी, 12 अगस्त । जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को विकासखंड पौड़ी के अयाल और रछुली गांवों का दौरा कर ग्रामीण विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने अमृत सरोवर, नर्सरी, क्षतिग्रस्त सड़कों और जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया।

अयाल गांव में अमृत सरोवर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने इसे जल संरक्षण, सिंचाई और मत्स्य पालन के लिए गांव की साझा संपत्ति बताया। उन्होंने कहा कि सरोवर का लाभ केवल एक व्यक्ति तक सीमित न रहे, बल्कि अन्य ग्रामीणों को भी मछली पालन से जोड़ा जाए ताकि रोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने सरोवर के आसपास पौधारोपण कराने और जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बारिश से क्षतिग्रस्त रास्तों और पुश्तों का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने सुधार कार्य शीघ्र कराने को कहा। जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पेयजल लाइनों में पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और उन्हें भूमिगत करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद जिलाधिकारी डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर रछुली गांव पहुंचीं, जहां हिमोत्थान के सहयोग से संचालित नर्सरी का निरीक्षण किया। यहां महिला समूह सुगंध पौध, सिट्रस और चारापत्ती प्रजातियों की पौध तैयार कर रहा है। जिलाधिकारी ने समूह की महिलाओं को पौध रोपण, शिफ्टिंग और देखभाल का प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्च मूल्य की फसलों को प्राथमिकता देने, उत्पाद का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और अन्य स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि नर्सरी को बेहतर तरीके से तैयार करने के लिए महिलाओं को प्रशिक्षण दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने आपूर्ति श्रृंखला की स्टडी कर पौधों की बिक्री हेतु संभावित खरीददारों से टाई-अप कराने को कहा ताकि समूह को बेहतर लाभ मिल सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी गांवों में मुख्य पहुंच मार्गों और स्कूल, अस्पताल जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़ी सड़कों को मनरेगा के तहत निर्माणित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी की यह पहल ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments