

देहरादून। उत्तराखंड सरकार प्रदेश की नई खेल नीति तैयार करने से पहले खिलाड़ियों और आम जनता की राय शामिल करेगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार ऐसी नीति बनाना चाहती है, जो राज्य की जरूरतों के अनुरूप हो और खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर प्रदान करे। इसके लिए 30 जुलाई 2026 तक सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।
सोमवार को विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित बैठक के बाद रेखा आर्या ने बताया कि खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल विशेषज्ञ, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक, खेल प्रेमी और अन्य इच्छुक नागरिक अपने सुझाव ऑनलाइन, ई-मेल अथवा डाक के माध्यम से भेज सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी सुझावों का विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण किया जाएगा। जो सुझाव व्यवहारिक और उपयोगी पाए जाएंगे, उन्हें नई खेल नीति में शामिल करने पर विचार किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट सुझाव देने वाले नागरिकों को विभाग की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।
खेल मंत्री ने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से तैयार की जाने वाली नई खेल नीति राज्य में खेलों के विकास को नई गति देगी और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए मजबूत आधार बनेगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से समय सीमा के भीतर अपने सुझाव भेजने की अपील करते हुए कहा कि 30 जुलाई 2026 के बाद प्राप्त सुझावों पर विचार नहीं किया जाएगा।
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, उपनिदेशक राजेश मंमगाई, शक्ति सिंह तथा खेल विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
सुझाव भेजने के माध्यम:
- ऑनलाइन: www.khelouk.in/contact-us
- ई-मेल: info@khelouk.in
- डाक पता: निदेशक, खेल विभाग, खेल निदेशालय, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर, थानो रोड, रायपुर, देहरादून–248008, उत्तराखंड।
सुझाव भेजने की अंतिम तिथि: 30 जुलाई 2026

Recent Comments