चारधाम यात्रा से पहले साइबर ठगों का नया हथकंडा, पवन हंस के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर ठगी

एसटीएफ और आई4सी की संयुक्त बैठक में बिहार से संचालित हो रहे गिरोह का खुलासा, श्रद्धालुओं से सतर्कता की अपील

देहरादून।चारधाम यात्रा (विशेषकर केदारनाथ यात्रा) के शुरू होने से पहले साइबर ठगों ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। राज्य स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड और इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (आई4सी), नई दिल्ली की संयुक्त टीम द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह खुलासा हुआ कि पवन हंस लिमिटेड के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा (फेसबुक) पर फर्जी अकाउंट और पेज बनाकर हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर लोगों से ठगी की जा रही है।

बैठक गूगल मीट के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें संयुक्त रूप से इस गिरोह की गतिविधियों की पड़ताल की गई। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि इस प्रकार के साइबर फ्रॉड का संचालन मुख्यतः बिहार राज्य से किया जा रहा है। अपराधी फर्जी वेबसाइट, मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया पेज के माध्यम से लोगों को गुमराह कर उनसे भुगतन करा रहे हैं।

बैठक में इस गंभीर मामले को रोकने के लिए कई ठोस निर्णय लिए गए:

· फर्जी अकाउंट पर शिकंजा: ऐसे सभी फर्जी अकाउंट और पेज को तत्काल चिन्हित कर ब्लॉक/टेकडाउन कराया जाएगा।
· मेटा से समन्वय: संबंधित प्लेटफॉर्म (मेटा) के साथ समन्वय स्थापित कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
· वित्तीय निगरानी: संदिग्ध मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की निगरानी करते हुए विधिक कार्रवाई की जाएगी।
· जागरूकता अभियान: आम जनता को साइबर अपराधों से बचाने के लिए व्यापक साइबर अवेयरनेस अभियान चलाया जाएगा।

एसटीएफ ने सभी श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि केदारनाथ/चारधाम यात्रा हेतु हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट या प्रमाणित माध्यम से ही करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा पंजीकरण के लिए WhatsApp नंबर 8394833833 अधिकृत माध्यम के रूप में उपलब्ध है। इस नंबर पर व्हाट्सएप पर ‘यात्रा’ लिखने पर चारधाम यात्रा पंजीकरण संबंधी प्रामाणिक वेबसाइट और ऑनलाइन सहायता प्राप्त होगी।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को निम्नलिखित सावधानियां बरतने की सलाह दी है:

· किसी भी अनजान लिंक, सोशल मीडिया पेज या मोबाइल नंबर के माध्यम से भुगतान न करें।
· यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का संदेह हो, तो तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।
· National Cyber Crime Reporting Portal पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।

एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि यात्रा सीजन को देखते हुए साइबर अपराधियों की सक्रियता बढ़ गई है। ऐसे में श्रद्धालु सतर्क रहें और किसी भी आकर्षक ऑफर या अनाधिकृत स्रोत से बुकिंग न करें। फर्जी अकाउंट बनाकर ठगी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments