देहरादून । शहर की हलचल से दूर, स्वाद की एक नई दास्तान तैयार है। नगर निगम देहरादून रायपुर-थानों रोड़ पर एक भव्य फूड कोर्ट बनवा रहा है, जो जल्द ही देहरादून का नया लैंडमार्क साबित होगा। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के पास बन रहे इस फूड डेस्टिनेशन का काम अंतिम चरण में है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच का यह प्रोजेक्ट शहर के फूड कल्चर को एक नई पहचान देगा। करीब 31 संगठित दुकानों वाले इस परिसर में सिर्फ खाने का ही इंतजाम नहीं है, बल्कि यह पूरा पैकेज है। यहां ओपन डाइनिंग एरिया, लाइट शो, खूबसूरत वॉकिंग गैलरी और आधुनिक पार्किंग की सुविधा दी जा रही है।


नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि इसे इंदौर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि लोगों को एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्पेस मिले, जहां वे परिवार के साथ बैठकर स्ट्रीट फूड का मजा ले सकें। फिलहाल यहां ब्यूटीफिकेशन का काम चल रहा है।”
यह फूड कोर्ट खाने के शौकीनों के लिए तो आकर्षण का केंद्र होगा ही, साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के द्वार भी खोलेगा। पर्यटकों के लिए भी यह एक नए ठिकाने के रूप में उभरेगा। शहर की भीड़-भाड़ से दूर यह शानदार फूड स्पेस जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

Recent Comments