देहरादून। डीएवी (पीजी) कॉलेज के सांस्कृतिक मंच पर हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा की कथित अभद्रता ने छात्रों और आमजन की भावनाओं को चोट पहुंचाई। थाना डालनवाला में छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी ने शनिवार रात को शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना 11अप्रैल को कॉलेज के करनपुर परिसर में आयोजित सांस्कृतिक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान घटी। सत्यम शिवम छात्र संगठन के प्रतिनिधि प्रांचल नौनी (मोबाइल: 9193502598) ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि मंच पर प्रदर्शन के दौरान मासूम शर्मा ने अभद्र, अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का खुलेआम इस्तेमाल किया। इससे मौजूद छात्र-छात्राओं और जनता की भावनाएं आहत हुईं। नौनी ने मांग की कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
थाना डालनवाला ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मु0अ0स0 63/2026 धारा 296, 352, 79, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। वादी प्रांचल नौनी हैं, जबकि आरोपी मासूम शर्मा हरियाणा का निवासी है। घटना की तारीख 11 अप्रैल 2026 बताई गई, लेकिन सूचना 12 अप्रैल रात 11:16 बजे मिली। समय अदम तहरीर अंकित है।
इस पूरे मामले पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि, डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ सप्ताह के समापन कार्यक्रम में हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा द्वारा कार्यक्रम के दौरान स्टेज से गाली गलौज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मामला पुलिस के संज्ञान में आया है. जिसमें डालनवाला पुलिस द्वारा सभी तथ्यों पर विस्तृत जांच की जा रही है. गायक को नोटिस भेजा गया है. जांच के दौरान प्रकाश में आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अधिवक्ता सेवा मंच उत्तराखंड के साथ ही उत्तराखंड क्रांति दल के मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ ने डालनवाला थाने में शिकायती पत्र सौंपा है. अधिवक्ता सेवा मंच उत्तराखंड के अध्यक्ष संदीप मोहन चमोली की तरफ से दी गई तहरीर में पुलिस से घटना के मामले में उचित धाराओं में प्राथमिक की दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उत्तराखंड क्रांति दल ने भी तहरीर देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. लुशुन टोडरिया ने कहा एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के गायक ने अत्यंत आपत्तिजनक अश्लील एवं उत्तराखंड के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग किया है. उन्होंने कहा कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए.
हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पहले भी विवादों में रहे हैं. साल 2024 में एक महिला ने गायक पर मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाया था. साल 2025 में हरियाणा सरकार ने गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में उनके गानों को यूट्यूब से हटाने का आदेश दिया था. इसके अलावा, फरवरी 2026 में जिंद में एक लाइव शो के दौरान पूर्व सरपंच के साथ बदसूलकी और मंच से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के कारण भी विवाद हुआ था.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि विवेचना जारी है और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कॉलेज परिसर में सांस्कृतिक आयोजनों पर अब सवाल उठने लगे हैं, जहां युवाओं की मौजूदगी में ऐसी भाषा का इस्तेमाल विवादास्पद साबित हो रहा है। स्थानीय छात्र संगठनों ने भी मामले पर नजर रखने का ऐलान किया है।

Recent Comments