देहरादून/रायपुर। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सारथी–एक नई उम्मीद सोसायटी की ओर से सेवा और समर्पण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए खिचड़ी प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रायपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे भगवान शिव एवं सूर्य देव की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके बाद दोपहर 2:30 बजे तक निरंतर खिचड़ी का वितरण चलता रहा। पूरे आयोजन के दौरान स्वच्छता एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं शुद्ध प्रसाद उपलब्ध कराया जा सके।
सोसायटी की अध्यक्षा रितु अग्रवाल ने बताया कि मकर संक्रांति दान, सेवा और पुण्य का पर्व है तथा इसी भावना के तहत प्रत्येक वर्ष यह आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग तक सेवा की भावना पहुंचाना ही सोसायटी का मुख्य उद्देश्य है।

इस सेवा कार्यक्रम को सफल बनाने में सोसायटी के सभी सदस्यों एवं स्थानीय युवाओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में गौरव सैनी, बीना भारती, अनिल साजन, हरीश, सोबन जावेरी, मनजीत, जय खन्ना, नीतू, रितु अग्रवाल एवं तनिष्की अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Recent Comments