उत्तरकाशी – राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय में आयोजित एक विचार गोष्ठी में पत्रकारों ने बढ़ती भ्रामक सूचनाओं पर चिंता जताई और विश्वसनीयता बनाए रखने का संकल्प लिया। गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र दत्त भट्ट ने की।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार डॉ. रामचंद्र उनियाल, रमा भट्ट, राजेन्द्र भट्ट, चिरंजीव सेमवाल, राजेश रतूड़ी, दीपक नौटियाल, पृथ्वी दत्त नैथानी, ठाकुर सुरेंद्र पाल सिंह, महावीर राणा, आशीष मिश्रा, डॉ. विजेंद्र पोखरियाल और मोहन राणा ने अपने विचार व्यक्त किए। पत्रकारों ने कहा कि गलत तथ्यों, अतिरंजना और भ्रामक समाचारों का प्रसार लोकतंत्र के लिए चुनौती बन रहा है।
वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र भट्ट ने कहा कि सत्य और विश्वसनीयता के सिद्धांतों को प्राथमिकता देकर समाज में जागरूकता फैलाना पत्रकारों का दायित्व है। उन्होंने युवा पत्रकारों को संदेश दिया कि वे अपने पेशे के मानकों और नैतिक मूल्यों का सम्मान करते हुए निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता को अपनाए।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार ने राष्ट्रीय प्रेस परिषद के उद्देश्यों एवं उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा, बलबीर परमार, सुरेंद्र नौटियाल, पत्रकार सुभाष बड़ोनी, बीरेंद्र नेगी, विनीत कंसवाल, कृष्णा राणा सहित अन्य पत्रकार एव सूचना विभाग के वरिष्ठ कार्मिक अभिषेक सक्सेना, सुंदरलाल, धर्मेंद्र आदि उपस्थित रहे।
उधर, यमुना वैली में भी राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया गया। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर यमुनोत्री प्रेस क्लब बड़कोट द्वारा आयोजित गोष्ठी में उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की भूमिका स्वतन्त्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान तक प्रासंगिक रही है। उन्होंने पत्रकारों से तथ्यात्मक खबरों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

Recent Comments