

युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित रहेगा कार्यक्रम
देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 27 अगस्त को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देश के लगभग 1600 स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे।
हर साल 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष इसे युवा सहभागिता, खेल विकास एवं राष्ट्र निर्माण की थीम के साथ मनाया जा रहा है।
PIB देहरादून द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम के तहत देश के प्रत्येक जिले के दो महाविद्यालयों में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य देश के युवा खिलाड़ियों को एक मंच पर लाना और पिछले 12 वर्षों में खेल क्षेत्र में हुए बदलावों और बुनियादी ढांचे के विकास से अवगत कराना है।
उत्तराखंड में यह कार्यक्रम 13 प्रमुख संस्थानों में आयोजित किया जाएगा, जिनमें राजकीय पी.जी. कॉलेज कर्णप्रयाग, ग्राफिक एरा देहरादून, देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार, एच.एन.बी. विश्वविद्यालय श्रीनगर, डी.ए.वी. कॉलेज देहरादून, फीनिक्स यूनिवर्सिटी रुड़की, एशियन एकेडमी पिथौरागढ़, सोबन सिंह जीना यूनिवर्सिटी अल्मोड़ा, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी, उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी हल्द्वानी, पी.जी. कॉलेज उत्तरकाशी, पी.जी. कॉलेज अगस्त्यमुनि और पी.जी. कॉलेज जखोली शामिल हैं।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद का विशेष सत्र होगा।
इस दौरान माय भारत स्वयंसेवक, एनएसएस और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच खेल पारिस्थितिकी तंत्र और खेल बुनियादी ढांचे पर चर्चा होगी। युवा संवाद में चार मुख्य विषयों – जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत करना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना, युवा नेतृत्व को बढ़ावा देना और विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण पर युवाओं के सुझाव QR कोड के माध्यम से लिए जाएंगे। साथ ही VBYLD क्विज राउंड का भी आयोजन होगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ माय भारत के राज्य निदेशक राहुल डबराल, राज्य एनएसएस अधिकारी सुनैना रावत, उपनिदेशक अविनाश कुमार सिंह और एपीएस धर्म सिंह रावत उपस्थित रहेंगे।

Recent Comments