विधानसभा सत्र के पहले दिन विपक्षी हंगामे से गूंजा भराड़ीसैंण, स्थायी राजधानी व कानून-व्यवस्था पर गरमाया माहौल

भराड़ीसैंण/गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार को भराड़ीसैंण में हुई, लेकिन जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई विपक्षी विधायकों ने हंगामा करते हुए माहौल गरमा दिया। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और हाल ही में संपन्न पंचायत चुनावों में धांधली के आरोपों को लेकर सदन में जोरदार विरोध दर्ज कराया।

विपक्षी विधायक नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में वेल में उतर आए और नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस विधायकों ने सचिव की मेज पलटने की भी कोशिश की, जिस पर स्पीकर ऋतु खंडूडी ने नाराजगी जताई और कार्यवाही को पहले आधे घंटे तथा बाद में दोपहर 12:30 बजे तक स्थगित करना पड़ा। इस दौरान स्पीकर और विपक्षी नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। स्पीकर ने विपक्ष से अपील की कि वे प्रश्नकाल के दौरान अपने मुद्दे रखें, मगर विपक्ष सरकार पर “तानाशाही नहीं चलेगी” के नारे लगाता रहा।

विधानसभा के भीतर विपक्षी हंगामे के समानांतर, कर्णप्रयाग में उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने भी प्रदर्शन किया। दिवालीखाल बैरियर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्थायी राजधानी की मांग के साथ अन्य जनसमस्याओं को लेकर नारेबाजी की।

सत्र के पहले ही दिन सदन और सड़क दोनों जगह विरोध प्रदर्शनों ने माहौल को गर्मा दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में स्थायी राजधानी, आपदा प्रबंधन और कानून-व्यवस्था जैसे बड़े मुद्दों पर सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव और तेज़ हो सकता है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments