अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर कांग्रेस का वनंतरा रिसॉर्ट के बाहर धरना-प्रदर्शन व न्याय मार्च

कांग्रेस की सरकार बनने पर अंकिता के सभी दोषियों को होगी सख्त सजा – गणेश गोदियाल

ऋषिकेश / यमकेश्वर । चार साल पहले क्रूरता, हिंसा व दुराचार की शिकार होकर मारी गई अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में चीला बैराज के पास गंगा भोगपुर तल्ला, कौड़िया पुल के सामने मैदान में एकत्र होकर धरना दिया व केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि इस जगह आकर चार साल पहले की सारी यादें ताजा हो जाती हैं, जब अंकिता का शव गंगा बैराज से बरामद हुआ था और वनंतरा रिसॉर्ट के मालिक भाजपा नेता विनोद आर्य, उनके पुत्र पुलकित आर्य व उसके साथियों के नाम सामने आए थे।

उन्होंने कहा कि इस प्रकरण का सबसे सनसनीखेज रहस्य स्वयं अंकिता की अपने मित्र के साथ हुई चैट से उजागर हुआ था – वो वीआईपी, जिसके लिए विशेष सेवाएं देने से मना करना अंकिता को इतना महंगा पड़ा कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी।

श्री गोदियाल ने कहा कि जिस कमरे में अंकिता रहती थी, उस पर बुलडोजर चला कर उसे नेस्तनाबूद कर दिया गया ताकि उसके कत्ल के सारे राज दफन हो जाएं। चार साल से प्रदेश की जनता इंतजार कर रही है कि उस वीआईपी का नाम उजागर हो। पिछले साल प्रदेशव्यापी आंदोलनों के दबाव में सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश तो दिए, लेकिन एक साल बीत जाने पर भी उस जांच का कहीं अता-पता नहीं है। अगर भाजपा सरकार वीआईपी का खुलासा नहीं करेगी, तो कांग्रेस की सरकार बनने पर इस पूरे प्रकरण के सभी दोषियों की पहचान कर उन्हें सजा दिलाने का काम कांग्रेस सरकार करेगी।

प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इससे ज्यादा शर्मनाक बात नहीं हो सकती कि जिसे पूरा प्रदेश दोषी मानता है, भाजपा उसी व्यक्ति को दोबारा उत्तराखंड बुला कर सम्मानित करती है और मंच पर बैठा कर पूरे प्रदेश को चिढ़ाने का दुस्साहस करती है।

चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि केंद्र हो या प्रदेश, भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के विरुद्ध अपराध बढ़े हैं, इससे स्पष्ट है कि भाजपा महिला विरोधी है। उन्होंने कहा कि आज जिस स्थान पर अंकिता की हत्या हुई, वहीं हम सब गंगा मैया की कसम खाते हैं कि अंकिता के हर दोषी को सजा दिला कर रहेंगे।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि महिला सुरक्षा के मामले में उत्तराखंड आज सभी पर्वतीय राज्यों में पहले पायदान पर है और यह बेहद चिंताजनक है। सबसे अफसोसनाक बात यह है कि महिलाओं के खिलाफ अधिकांश अपराधों में भाजपा के पदाधिकारी व दायित्वधारी ही शामिल पाए जाते हैं और सरकार व संगठन उन्हें बचाने के लिए बेशर्मी से प्रशासन व पुलिस पर दबाव बनाते हैं।

जिला अध्यक्ष कोटद्वार विकास नेगी ने कहा कि यह यमकेश्वर और कोटद्वार के लिए लज्जा का विषय है कि यमकेश्वर की भाजपा विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट ने दोषियों को बचाने का पूरा प्रयास किया और कोटद्वार की विधायक, जो विधानसभा में अध्यक्ष के आसन पर हैं, उन्होंने इस विषय पर आज तक एक शब्द नहीं बोला।

सभा को पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह साजवान, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला, संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, मुख्य प्रवक्ता श्रीमती गरिमा मेहरा दसौनी, अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल, जयेन्द्र रमोला, राजपाल खरोला, राजेंद्र शाह, हरिद्वार जिला अध्यक्ष अमन गर्ग, महानगर अध्यक्ष श्रीमती मीना बर्छवान आदि ने भी संबोधित किया।

सभा के पश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह व डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में धरना स्थल से वनंतरा रिसॉर्ट तक न्याय मार्च निकाला और रिसॉर्ट के गेट पर अंकिता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments