देहरादून। अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों के प्रति जागरूकता और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आज पुलिस ने जनपद के सभी थानों में ‘लोक समस्या निवारण कार्यक्रम’ का आयोजन किया। यह कार्यक्रम ‘विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस’ के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम केदौरान, विभिन्न थाना प्रभारियों ने अल्पसंख्यक समुदाय के नागरिकों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति विस्तार से जागरूक किया। उन्हें यह भी बताया गया कि किस प्रकार पुलिस की मदद लेकर वे अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकते हैं।
कार्यक्रम मेंउपस्थित स्थानीय नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से पुलिस को अवगत कराया। थाना प्रभारियों ने इन शिकायतों को गंभीरता से सुनकर दर्ज किया और उनके समयबद्ध व विधिक निस्तारण का आश्वासन दिया। विशेष रूप से कोतवाली रायवाला द्वारा प्राप्त सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया गया।
इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के नागरिकों के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना और पुलिस-जनता के बीच समन्वय व विश्वास को मजबूत बनाना रहा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि समाज के हर वर्ग की सुरक्षा एवं उनकी समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से दून पुलिस ने एक संवेदनशील और सक्रिय प्रशासनिक भूमिका का परिचय देते हुए सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का प्रयास किया है।

Recent Comments