यूसीसी का एक साल और मतदाता दिवस की बधाई: सीएम धामी ने दून लाइब्रेरी में सुना पीएम का संबोधन

एआई और यूसीसी को बताया गेम चेंजर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दून लाइब्रेरी, निकट परेड ग्राउंड, देहरादून में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 130वें एपिसोड को श्रोता समारोह में सुना।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सीएम धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ का हर एपिसोड प्रेरणादायी होता है। इस कार्यक्रम से समाज के अनवरत सेवा करने वाले सामान्य लोग देश-दुनिया में पहचान पाते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने इसे आमजन का कार्यक्रम बना दिया है, जिससे अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं।

सीएम ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में देश इनोवेशन, साइंस, टेक्नोलॉजी व एआई के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। एआई के बढ़ते प्रभाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी कामों में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कई दिनों का काम कुछ घंटों में पूरा हो जाएगा। राज्य में एआई उपयोग के लिए विज्ञान, आईटी व टेक्नोलॉजी विभाग कार्यरत हैं।

पीएम की प्रेरणा से राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। 27 जनवरी को यूसीसी लागू होने का एक साल पूरा हो जाएगा। सीएम ने कहा कि 2022 चुनाव से पहले समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा किया था, जिसे पूरा कर दिखाया। उत्तराखंड सीमावर्ती राज्य है, जहां चार धाम व गंगा-यमुना का उद्गम है। सुरक्षा के लिहाज से सभी के लिए एक समान कानून जरूरी था।

सीएम ने केंद्र-राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि अधिक लोग लाभान्वित हों।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, सुरेश गढ़िया, मीडिया सलाहकार समिति अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, अनिल गोयल, संजय नेगी, दायित्वधारी रजनी रावत आदि उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments