ऑपरेशन प्रहार: दून पुलिस का अपराधियों पर त्रिस्तरीय प्रहार, चोर-बदमाश सलाखों के पीछे

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने एक ही दिन में कई मोर्चों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर मोबाइल चोरों को दबोचा, चोरी के वाहन बरामद किए और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने वाले युवकों को भी कानून का पाठ पढ़ाया।

नशे की लत ने बनाया चोर — पांच मोबाइल समेत गिरफ्तार

कोतवाली रायवाला क्षेत्र में अलग-अलग घरों में घुसकर मोबाइल चुराने वाले शातिर चोर गौरव शर्मा (28 वर्ष), पुत्र पंकज शर्मा, निवासी लाडोवाली, थाना कनखल, हरिद्वारको पुलिस ने गोहरी माफी-सत्यनारायण मंदिर मार्ग पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर 20 मई को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में गौरव ने कबूल किया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए ही उसने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। उसने 12 मई की रात वैदिक नगर और 15 मई की रात रुद्राक्ष होटल के पीछे स्थित मकान में सेंधमारी की थी। इन घटनाओं पर थाना रायवाला में मु.अ.सं. 73/2026 व 74/2026 दर्ज हैं।

इतना ही नहीं, 13 मई को जनपद हरिद्वार के ज्वालापुर व रानीपुर क्षेत्र में भी उसने 3 मोबाइल और एक मंदिर की गुल्लक से 600 रुपये चुराए। चोरी के दौरान एक लड़की ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन धक्का देकर वह फरार हो गया। पकड़े जाने के डर से उसने एक आईफोन ऋषिकुल के पास फेंक दिया क्योंकि वह बंद नहीं हो रहा था। अभियुक्त के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद और एक एक्टिवा स्कूटी (UK-07-AR-3301) बरामद हुई है, जिसके बारे में वह कोई जानकारी नहीं दे सका।

24 घंटे में खुलासा — नेहरू कॉलोनी पुलिस ने दबोचा मोबाइल चोर

थाना नेहरू कॉलोनी ने भी तत्परता का परिचय देते हुए मोबाइल चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। 19 मई को जोगीवाला निवासी फारुख खान द्वारा 2 मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर 20 मई की रात विशाल मेगा मार्ट के पीछे से अमित कुमार (25 वर्ष), पुत्र कल्याण सिंह, निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश को दोनों मोबाइल — एक ओप्पो और एक रियलमी — सहित गिरफ्तार कर लिया गया।

कोर्ट से PCR लेकर पुलिस ने ढूंढ निकाली चोरी की स्कूटी

कोतवाली विकासनगर की टीम ने भी ऑपरेशन प्रहार के तहत उल्लेखनीय कार्य किया। 11 अप्रैल को पृथ्वीपुर निवासी सागर सिंह की स्कूटी (UK-07-FQ-6490) चोरी हुई थी। इस मामले में पहले से गिरफ्तार मनोज वर्मा (40 वर्ष), निवासी अधोईवाला ने पूछताछ में विकासनगर में भी वाहन चोरी की बात स्वीकार की थी।

पुलिस ने न्यायालय से एक दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) लिया और 20 मई को अभियुक्त की निशानदेही पर कूड़ा घाटी स्थित बद्री राइस मिल के पीछे खंडहर में छिपाई गई स्कूटी बरामद कर ली।

जीवनगढ़ में हुड़दंग — चार उपद्रवी गिरफ्तार

थाना विकासनगर को 21 मई की रात सूचना मिली कि शिवा लॉज, जीवनगढ़ में दो पक्षों के बीच तीखा विवाद हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब समझाने का प्रयास किया तो दोनों पक्ष और उग्र हो गए। किसी गंभीर घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने धारा 170 BNSS के तहत चारों अभियुक्तों — केशव चावला (20), आलम (21), मनदीप सिंह चौहान (20) और विकेश रावत (26) — को गिरफ्तार कर लिया।

ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस का यह अभियान स्पष्ट संदेश देता है कि अपराधियों के हर पैंतरे का जवाब देने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments