देहरादून।जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय चोर गिरोहों के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया है। वहीं, विकासनगर में सत्यापन अभियान के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो स्पा सेंटरों को बंद करवा दिया है।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि चोरी की पहली घटना पटेलनगर क्षेत्र की है, जहाँ वादी अनमोल कपूर के घर से लाखों के जेवरात चोरी हुए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से बडोवाला पुल के पास से दो अभियुक्तों, मोहित (मुरादाबाद) और आशू (बिजनौर) को दबोच लिया। इनके पास से लगभग तीन लाख रुपये के आभूषण और पीड़ित का आधार कार्ड बरामद हुआ है। वहीं दूसरी घटना नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र की है, जहाँ जोगीवाला निवासी सुरेंद्र गुसाईं के घर से गैस सिलेंडर चोरी करने के आरोप में सावेज अंसारी और राकेश सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का सिलेंडर और वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी सीज कर दिया है।
इसी अभियान के दूसरे चरण में विकासनगर पुलिस ने होटलों और स्पा सेंटरों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान बाजार क्षेत्र में संचालित दो स्पा सेंटरों में बाहरी राज्यों की सात महिलाएं बिना पुलिस सत्यापन के कार्य करती पाई गईं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्पा संचालकों का पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान कर सेंटरों को बंद करा दिया। साथ ही, बिना सत्यापन के रह रही महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद उनके विरुद्ध भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सत्यापन अभियान और अपराधियों के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” निरंतर जारी रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा सके।

Recent Comments